झामुमो कार्यकर्ता सम्मेलन में मंत्रियों ने भरी हुंकार — “संगठन ही शक्ति, कार्यकर्ता ही आधार”
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला। नेताजी सुभाष टाउन हॉल में आयोजित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के घाटशिला विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती और जनसंपर्क को लेकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
कार्यक्रम में राज्य के मंत्री दीपक विरुवा और सुदीव्य कुमार सोनू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों मंत्रियों ने कहा कि “मजबूत कार्यकर्ता ही मजबूत बूथ की नींव है, और मजबूत बूथ ही जीत की गारंटी।”
पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू ने कार्यकर्ताओं को “सीमा पर तैनात सिपाही” बताया, वहीं कुणाल षड़ंगी ने स्व. गुरुजी और स्व. रामदास सोरेन को नमन करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “जो अपने साथी के अंतिम समय में नहीं पहुंचे, वे अस्मिता की बात कैसे कर सकते हैं?”
सांसद जोबा मांझी ने कहा कि यह उपचुनाव “झूठ और छल के खिलाफ लड़ाई” है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विकास कार्यों पर जनता का जनमत होगा।
स्व. रामदास सोरेन के पुत्र ने कहा कि वे “घाटशिला को एजुकेशन हब बनाने” के अपने पिता के सपने को पूरा करेंगे।
मंत्री दीपक विरुवा और सुदीव्य सोनू ने स्पष्ट कहा कि “इस बार घाटशिला की जनता सिर्फ विधायक नहीं, बल्कि मंत्री चुनने जा रही है।”
कार्यक्रम का समापन स्व. दिशोम गुरु बाबा शिबू सोरेन और स्व. रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। धन्यवाद ज्ञापन जिला संयोजक बाघराय मार्डी ने प्रस्तुत किया।

