सिंहभूम चैम्बर में जीएसटी 2.0 पर सेमिनार, विशेषज्ञों ने बताए बड़े बदलाव और फायदे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में मंगलवार को जीएसटी 2.0 पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कोलकाता से आए सीए अभिषेक टिबरेवाल ने बताया कि 2017 के बाद यह जीएसटी में सबसे बड़ा बदलाव है। उन्होंने कहा कि आम आदमी के उपयोग की वस्तुओं पर जीएसटी दरें घटाई गई हैं, जिससे निम्न और मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी। साथ ही कंपनसेशन सेस हटाने और पूर्ण आईटीसी मिलने से व्यवसाय को भी लाभ होगा।
चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने इसे विकसित भारत के सपने को साकार करने वाला कदम बताया। टाटा स्टील के चीफ ऑफ इंडायरेक्ट टैक्स विकास मित्तल ने चैम्बर की सराहना की। उपाध्यक्ष अधिवक्ता राजीव अग्रवाल ने कहा कि गाड़ियां सस्ती होने से बिक्री बढ़ेगी और उत्पादन में वृद्धि होगी।
मानव केडिया ने कहा कि उपभोक्ताओं को लाभ सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने मॉनिटरिंग कमिटी बनाई है। अंशुल रिंगसिया ने जानकारी दी कि शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1915 और व्हाट्सएप नंबर 8800001915 जारी किया गया है।
कार्यक्रम में व्यवसायी, उद्यमी, चार्टर्ड एकाउंटेंट और अधिवक्ताओं ने जीएसटी 2.0 पर सवाल रखे जिनका जवाब सीए अभिषेक टिबरेवाल ने दिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन मानव केडिया ने किया।

