खासमहाल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, गरीब दुकानदारों का सामान हुआ बर्बाद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। परसुडीह थाना अंतर्गत खासमहाल इलाके में मंगलवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। अंचल कार्यालय की टीम ने खासमहाल सदर अस्पताल से लेकर मत्स्य विभाग कार्यालय और प्रखंड कॉलेज रोड किनारे तक झोपड़ी नुमा दुकानों व ठेलों को जेसीबी से हटाया। इस दौरान भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने हाथ जोड़कर अधिकारियों से दुकान बचाने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी एक न सुनी गई और जेसीबी से दुकानें तोड़ दी गईं। इससे गरीब दुकानदारों का रखा हुआ सामान भी नष्ट हो गया। दुकानदारों का आरोप है कि प्रशासन चेहरा देखकर कार्रवाई कर रहा है, बड़े-बड़े अतिक्रमण को नहीं छेड़ा जा रहा, जबकि गरीबों को जबरन उजाड़ा जा रहा है।
वहीं अवर निरीक्षक बलवंत सिंह ने कहा कि सड़क किनारे जितने भी अतिक्रमण हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है। प्रशासन का मकसद सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करना है।
इस कार्रवाई ने जहां प्रशासन की सख्ती को दिखाया है, वहीं सवाल खड़ा किया है कि क्या कार्रवाई निष्पक्ष है या गरीबों पर ही ज्यादा सख्ती की जा रही है।

