*गम्हरिया में साक्षरता पखवाड़े का शुभारंभ, 14 सितंबर तक चलेगा जागरूकता अभियान*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
निरक्षरता के अंधकार को दूर कर ज्ञान का दीप जलाने के उद्देश्य से गम्हरिया प्रखंड में उल्लास साक्षरता पखवाड़े की शुरुआत की गई। एक से 14 सितंबर तक चलने वाले अभियान के तहत विद्यालयों के पोषक क्षेत्रों में रहने वाले निरक्षरों की पहचान कर उन्हें उल्लास कार्यक्रम से जोड़ते हुए साक्षर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
गम्हरिया प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नोडल पदाधिकारी प्रभा शंकर तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। प्रयास होना चाहिए कि अभियान के बाद कोई भी निरक्षर व्यक्ति छूटने न पाए।
कार्यक्रम में बीआरपी, सीआरपी, नोडल शिक्षक, वॉलिंटियर्स एवं उल्लास से जुड़े कर्मियों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यशाला, सम्मेलन, गांव की चौपाल और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को साक्षरता के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्कूली बच्चे प्रभात फेरी और साइकिल रैली निकालकर भी अभियान का संदेश देंगे।
बीआरपी रेखा कुमारी ने शिक्षकों से मिशन मोड में अभियान में जुटने का आह्वान किया। सीआरपी अमरेश श्रीवास्तव और सुजाता कुमारी ने भी संबोधित किया तथा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में आ रही समस्याओं का समाधान किया। अभियान की सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षकों और वॉलिंटियर्स को जिम्मेदारी सौंपी गई। अंत में सभी ने उल्लास कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

