राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। लगातार हो रही बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार सुबह आठ बजे डैम का जलस्तर 179.84 मीटर पहुंच गया। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए जल संसाधन विभाग ने डैम के सभी 13 रेडियल गेट खोल दिए हैं।
रेडियल गेटों से 933.62 क्यूमेक, रिवर स्लुइस से 4.42 क्यूमेक तथा इमरजेंसी स्लुइस से 117.54 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह नदी में कुल 1055.58 क्यूमेक पानी की निकासी हो रही है। वहीं, केनाल के माध्यम से 15.61 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। डैम से कुल 1071.19 क्यूमेक पानी प्रति सेकेंड छोड़ा जा रहा है।
जल संसाधन विभाग की टीम डैम के जलस्तर के साथ-साथ जलागम क्षेत्र में हो रही बारिश पर लगातार नजर बनाए हुए है। विभाग के अनुसार, बारिश का सिलसिला जारी रहने पर जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है। इसे देखते हुए डैम से पानी की निकासी की निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों की नजर जलस्तर और बारिश की स्थिति पर लगातार बनी हुई है।

