मुख्यमंत्री और केंद्रीय कोयला मंत्री की बैठक,कोल माइंस से जुड़े मुद्दों पर हुई सकारात्मक चर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान राज्य सरकार, कोयला मंत्रालय और कोल इंडिया की अनुषंगी इकाइयों के अधिकारियों के बीच बैठक हुई।

बैठक में खनिज रॉयल्टी, जमीन अधिग्रहण, विस्थापितों का पुनर्वास, रैयतों को मुआवजा व नौकरी, डीएमएफटी-सीएसआर फंड का उपयोग, अवैध खनन रोकथाम और सुरक्षा मानकों का पालन जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के आपसी सहयोग से ही कोल माइंस से जुड़ी समस्याओं का समाधान संभव है। वहीं, कोयला मंत्री ने खनन परियोजनाओं से जुड़ी चुनौतियों से अवगत कराया।
बैठक में खनन क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर प्रयास करने तथा सकारात्मक कदम उठाने पर सहमति बनी।

बैठक में राज्य और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, कोल इंडिया, सीसीएल, बीसीसीएल और हिंदुस्तान कॉपर के शीर्ष प्रबंधन मौजूद रहे।

