दुर्गा पूजा नजदीक, फिर भी यूसिल कॉलोनी में गंदगी का अंबार – ठेकेदार-अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : दुर्गा पूजा नजदीक आ चुकी है, लेकिन यूसिल कॉलोनी की स्थिति लगातार बदतर बनी हुई है। कॉलोनी में जगह-जगह गंदगी का अंबार, जाम नालियां, उगी हुई झाड़ियां और बदबू ने रहने वालों का जीना मुश्किल कर दिया है। साफ-सफाई के नाम पर ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से यूसिल प्रबंधन को चूना लगाने का आरोप लग रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संपदा विभाग के मार्फत सफाई का जिम्मा ठेकेदार को दिया गया है, लेकिन काम धरातल पर नजर नहीं आता। इसके बावजूद ठेकेदार का बिल पास हो जाता है। वहीं, अधिकारियों पर आरोप है कि वे ट्रांसफर रोकने के लिए अवैध उगाही कर रहे हैं।

कर्मचारियों का आरोप है कि संपदा विभाग के अधिकारी दिलीप कुमार मंडल के 20 सालों के कार्यकाल में कॉलोनी की स्थिति चौपट हो चुकी है। भाजपा युवा मोर्चा नेता विक्रम सिंह ने उनके कार्यकाल की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि टेंडर के अनुसार काम नहीं हो रहा और विभागीय मिलीभगत से भ्रष्टाचार चरम पर है।

भ्रष्टाचार का उदाहरण देते हुए लोगों ने बताया कि 2 करोड़ रुपये की लागत से चारदीवारी का निर्माण कराया गया था, लेकिन कमजोर नींव के कारण मंदिर के सामने की दीवार गिर गई। यह निर्माण भी ठेकेदार मनोरंजन सिंह द्वारा कराया गया था। आरोप है कि अधिकारी कुछ चुनिंदा ठेकेदारों को ही ठेका दिलाते हैं और इन्हें “लक्ष्मी पुत्र” कहकर पुकारा जाता है।

यूसिल कॉलोनी में स्कूल और सुरक्षा चौकियों के पास भी गंदगी का ढेर रहता है, जिससे बच्चों और परिवारों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय कर्मियों का कहना है कि जब तक संपदा विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल नहीं किया जाएगा और दिलीप कुमार मंडल को पद से नहीं हटाया जाएगा, तब तक कॉलोनी की दुर्दशा दूर होना मुश्किल है।


