टाटा कंपनी के संवेदक विवेक कंस्ट्रक्शन पर मजदूरों का शोषण का आरोप, 45 मजदूर एक माह से बेरोजगार
जोहार झारखंड श्रमिक महासंघ ने उठाई आवाज, उपायुक्त से की कड़ी कार्रवाई की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा कंपनी के संवेदक विवेक कंस्ट्रक्शन पर मजदूरों ने गंभीर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि पिछले एक माह से लगभग 45 मजदूरों को काम से हटा दिया गया है। मजदूरों ने आरोप लगाया कि बिना किसी कारण के उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया और फाइनल भुगतान भी बेहद कम दिया गया है, जिससे उनके परिवार आर्थिक संकट में फंस गए हैं।

इस मामले को लेकर जोहार झारखंड श्रमिक महासंघ ने विरोध दर्ज कराते हुए जिले के उपायुक्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। महासंघ ने कहा कि मजदूरों को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और अगर जल्द उचित पहल नहीं हुई तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

मजदूरों ने कहा कि वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए रोजी-रोटी के मोहताज हो गए हैं, इसलिए उन्हें पुनः काम पर लगाने और उनका बकाया भुगतान दिलाने की आवश्यकता है।


