कदमा गणेश पूजा समिति सनातन परंपरा अनुसार करेंगे प्रतिमा विसर्जन : विहिप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) सिंहभूम विभाग के मंत्री अरुण सिंह एवं जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कदमा स्थित श्री बाल गणपति विलास पूजा समिति से मुलाकात कर आग्रह किया कि गणेश प्रतिमा का विसर्जन सनातन धर्मानुसार गणेश चतुर्थी से शुरू होकर 11वें दिन अनंत चतुर्दशी पर किया जाए।

पूजा समिति ने विहिप के आग्रह को स्वीकार करते हुए अगले वर्ष से प्रतिमा विसर्जन केवल अनंत चतुर्दशी को करने का आश्वासन दिया। समिति ने बताया कि 107 वर्षों से पूजा हो रही है, लेकिन पहली बार यह जानकारी दी गई है। साथ ही समिति ने यह भी तय किया कि प्रतिमा को आदित्यपुर पुल से सीधे नदी में नहीं उतारा जाएगा, बल्कि नदी घाट पर ले जाकर विधिवत विसर्जन किया जाएगा।

विहिप ने स्पष्ट किया कि यदि अगले वर्ष नियमों का पालन नहीं हुआ तो साधु-संतों और महंतों के साथ विरोध दर्ज कराया जाएगा। बैठक में मंत्री चंद्रिका भगत, सहमंत्री उत्तम कुमार, बजरंगदल संयोजक चंदन दास, प्रचार प्रमुख प्रदीप सिंह, कोषाध्यक्ष दीपक वर्मा, दुर्गा वाहिनी संयोजिका सुधा जौहरी, गौ रक्षा प्रमुख मनीष सिंह, सेवा प्रमुख जीतेंद्र प्रमाणिक, विवेक शर्मा, विशाल जी सहित समिति पदाधिकारी उपस्थित रहे।


