झारखंड में माफिया राज, सरकार करप्शन और कमीशन में डूबी : रघुवर दास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने शनिवार को जमशेदपुर परिसदन में प्रेस वार्ता कर झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में जनता की नहीं, बल्कि कोयला, पत्थर, शराब और बालू माफियाओं की सरकार चल रही है। ट्रांसफर-पोस्टिंग तक की रेट लिस्ट तय है और अधिकारी राजनीतिक दबाव में काम कर रहे हैं।

श्री दास ने कहा कि औद्योगिक राजधानी जमशेदपुर में अपराधियों का बोलबाला है। व्यापारी, डॉक्टर, वकील, पत्रकार तक सुरक्षित नहीं हैं। अपराध, लूट, हत्या और बलात्कार की घटनाएं रोजाना हो रही हैं और सरकार मौन साधे बैठी है।

उन्होंने कहा कि यह सरकार पूरी तरह करप्शन और कमीशन में डूबी है। शासन इकबाल से चलता है लेकिन इस सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है। भाजपा सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभा रही है और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। आगामी घाटशिला उपचुनाव पर दास ने विश्वास जताया कि जनता मौजूदा सरकार की नाकामी का जवाब कड़े जनादेश से देगी।


