कुंडहित में शिक्षक दिवस पर सेवानिवृत्त शिक्षक, विद्यार्थी व जनप्रतिनिधि हुए सम्मानित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड मुख्यालय स्थित एल्डर्स क्लब में शिक्षक दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक, सेवानिवृत्त कर्मचारी, पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि सहित नव चयनित जेपीएससी उत्तीर्ण विद्यार्थी एवं क्षेत्र के मैट्रिक तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य रीना कुमारी मंडल ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षक हमारे समाज के निर्माता होते हैं। उनके मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी जीवन में आगे बढ़ते हैं और सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को और बेहतर प्रदर्शन करने की दिशा में प्रेरित होना चाहिए।
कार्यक्रम में कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से मेहनत और अनुशासन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और मेहनत व लगन से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों और जेपीएससी में सफल अभ्यर्थियों की सराहना की। कार्यक्रम में स्थानीय शिक्षक, अभिभावक, छात्र-छात्राएं और समाज के कई लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल शिक्षक दिवस की गरिमा को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने की प्रेरणा देने वाला भी साबित हुआ।

