गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर खालसा सेवा दल का अलौकिक कीर्तन दरबार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिखों के दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के प्रकाशोत्सव और नए साल के स्वागत को लेकर खालसा सेवा दल द्वारा 30 व 31 दिसंबर को साकची गुरुद्वारा मैदान में दो दिवसीय अलौकिक कीर्तन समागम आयोजित होगा।

खालसा सेवा दल के सदस्य सन्नी सिंह ने बताया कि इस दौरान दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी जत्थे और कथा वाचक संगत को निहाल करेंगे। दोनों दिन सुबह-शाम कीर्तन दरबार होगा, दोपहर में गुरु का लंगर वितरित किया जाएगा और भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

31 दिसंबर की रात संगत द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी पर पुष्प वर्षा कर नए साल का स्वागत किया जाएगा। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए विद्युत सज्जा, जलपान व पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है।

बैठक में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी व खालसा सेवा दल के कई सदस्य मौजूद रहे। खालसा सेवा दल ने संगत से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गुरु की कृपा का लाभ उठाने की अपील की है।

