17वां मुत्तहिदा जुलूस-ए-मोहम्मदी 5 सितंबर को तैयारियां पूरी, अमन-शांति और इस्लामी शिक्षा का पैग़ाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 3 सितंबर 2025। पैग़ंबर-ए-इस्लाम हज़रत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन ईद मिलादुन नबी के अवसर पर 5 सितंबर, शुक्रवार को 17वां “मुत्तहिदा जुलूस-ए-मोहम्मदी” निकाला जाएगा। तंजीम अहले सुन्नत व जमात ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और श्रद्धालुओं से भारी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

1500 साल की ऐतिहासिक याद
धतकीडीह स्थित मदरसा फैजुल उलूम में आयोजित प्रेसवार्ता में तंजीम के जनरल सेक्रेटरी मुफ्ती ज़ियाउल मुस्तफा क़ादरी ने बताया कि इस साल पैगंबर-ए-रहमत के आगमन के 1500 साल पूरे हो रहे हैं, इसलिए जुलूस ऐतिहासिक रूप से खास होगा

जुलूस का रूट और समय
जुलूस सुबह 8:00 बजे मानगो गांधी मैदान से शुरू होगा। 11:00 बजे साकची आमबागान मैदान पहुंचेगा, जहां उलेमा-ए-कराम तकरीर पेश करेंगे। इसके बाद जुलूस साकची गोलचक्कर, जुस्को ऑफिस गोलचक्कर होते हुए धतकीडीह केंद्र मैदान पहुंचेगा, जहां दुआ के साथ समापन होगा।

अमन-शांति और अनुशासन पर जोर
500 से अधिक वॉलंटियर सेफ्टी टी-शर्ट और आईडी कार्ड के साथ जुलूस और यातायात व्यवस्था में सहयोग करेंगे। एम्बुलेंस और जरूरी गाड़ियों के लिए रास्ता तुरंत छोड़ा जाएगा। डीजे साउंड सिस्टम, नकली तलवारें और गैर-शरई गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बाइक और छोटी गाड़ियां जुलूस के पीछे रहेंगी, स्टंट सख्ती से वर्जित है।

खास इंतज़ाम और अपीले
साकची आमबागान और धतकीडीह सामुदायिक मैदान में लंगर और पीने के पानी की व्यवस्था होगी। मुस्लिम समाज से अपील की गई है कि इस दिन दुकानें और कारोबार बंद रखें। धतकीडीह मक्का मस्जिद में जुमे की दो जमाअतें होंगी — पहली 1:00 बजे, दूसरी 2:15 बजे। जुलूस में केवल इस्लामी झंडे लाने की अनुमति होगी, गैर-मुल्की झंडों पर रोक रहेगी। प्रेसवार्ता में मौलाना बुरहानुल होदा, मौलाना कलीमुद्दीन, मौलाना इम्तियाज, माजिद अख्तर, नौशाद साहब, मुन्ना खान, अहमद रज़ा खान और अलहाज अब्दुल रऊफ भी मौजूद रहे।

