अवैध खनन पर सघन छापेमारी, 4 वाहन जप्त, प्राथमिकी दर्ज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर जिला में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए खनन टास्क फोर्स ने विशेष अभियान चलाया।

इसी क्रम में बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंगड़ीह बालूघाट एवं श्यामसुंदरपुर थाना अंतर्गत विभिन्न बालूघाटों पर जिला खनन कार्यालय की टीम ने सघन छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे 4 वाहन जप्त किए गए। साथ ही बिरसानगर एवं श्यामसुंदरपुर थाना में संबंधित वाहनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन पर रोकथाम के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

