फ्रेशर्स वीक आगाज़ 3 के चौथे दिन भारतीय ज्ञान परंपरा पर विशेष सत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सोना देवी विश्वविद्यालय के फ्रेशर्स वीक आगाज़ 3 के चौथे दिन संस्कृत विभाग की सहायक प्राध्यापक कुमारी निकिता ने नए नामांकित छात्र-छात्राओं को प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न आयामों से अवगत कराया।

कुमारी निकिता ने कहा कि इस पाठ्यक्रम के अंतर्गत भारतीय ज्ञान की समृद्ध धरोहर, इसकी ऐतिहासिक उत्पत्ति और आधुनिक जीवन में इसकी प्रासंगिकता पर विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। इसमें वेद, उपवेद, ब्राह्मण, आरण्यक, उपनिषद, कल्पसूत्र, वेदांग, महापुराण, उपपुराण, आदिकाव्य रामायण, महाभारत, अर्थशास्त्र, धर्मग्रंथ, महाकाव्य, गीति काव्य, नाटक, खगोलशास्त्र, गणित और चिकित्सा विज्ञान जैसे विषय शामिल होंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कोर्स का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा के इतिहास और विकास को समझना, शास्त्रों और ग्रंथों की विशेषताओं को जानना तथा विज्ञान और चिकित्सा में भारतीय योगदान को पहचानना है। यह पाठ्यक्रम न केवल भारतीय संस्कृति और इतिहास को जानने में मदद करेगा बल्कि विद्यार्थियों के ज्ञान-दायरे को भी व्यापक बनाएगा।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में छात्र-छात्राओं ने गीत-संगीत और फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर अपने व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं का प्रदर्शन किया। इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से गूंज उठा।

