राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर जिले के इनडोर स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन; उपायुक्त श्री रवि आनंद एवं उप विकास आयुक्त श्री निरंजन कुमार ने कार्यक्रम का किया विधिवत शुभारंभ
उपायुक्त ने खेला कैरम एवं बैडमिंटन; खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
आज दिनांक 01.09.2025 को जामताड़ा जिला अंतर्गत इनडोर स्टेडियम में राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०), उप विकास आयुक्त श्री निरंजन कुमार एवं जिला खेल पदाधिकारी श्री तूफान कुमार पोद्दार के द्वारा विधिवत किया गया। इससे पूर्व इस अवसर पर हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर उपायुक्त, उप विकास आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों के द्वारा के माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।
वहीं आयोजित खेल प्रतियोगिता में विभिन्न खेल यथा बैडमिंटन, ताइक्वांडो, गुलेल, कैरम, चेस एवं टेबल टेनिस खेल में प्रतियोगिता आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों के विभिन्न आयुवर्ग के खिलाड़ी सम्मिलित हुए।
आयोजित खेल प्रतियोगिता को सम्बोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि खेल को खेल भावना से ही खेलें, खेल में हार जीत होती रहती है, यह केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेल हमें अनुशासन, धैर्य और टीम भावना सिखाते हैं। साथ ही खेलने से हमारा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है। जीत और हार खेल का स्वाभाविक हिस्सा है। लेकिन हार से सीख लेकर आगे बढ़ना ही असली खिलाड़ी की पहचान है। उन्होंने खिलाड़ियों/छात्र छात्राओं से अपील किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी महत्व दें। पढ़ाई जरूरी है लेकिन खेल भी उतनी ही जरूरी है।
वहीं इस दौरान उन्होंने कैरम एवं बैडमिंटन खेलकर बच्चों को प्रोत्साहित किया साथ ही खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं विजेता छात्र छात्राओं को पुरस्कृत भी किया। साथ ही उपायुक्त ने सभी को शपथ दिलाया कि वे खुद को शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से मजबूत और भावनात्मक रूप से संतुलित बनाने के लिए परिवार और दोस्तों को हर दिन खेल और फिटनेस गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगे साथ ही हरेक खेल में उत्कृष्टता, सम्मान और दोस्ती के ओलंपिक मूल्यों को आत्मसात करने का प्रयास करेंगे।
_*इस मौके पर*_ जिला खेल पदाधिकारी श्री तूफान कुमार पोद्दार, श्री सुशील कुमार, श्री सूरज कुमार के अलावा अन्य संबंधित मौजूद रहे।

