कीचड़युक्त सड़क से परेशान ग्रामीण, सिकंदरपुर से बागडेहरी तक सफर बना मुश्किल
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड अंतर्गत सिकंदरपुर बजरंगबली मंदिर से चुहादाहा होते हुए बागडेहरी तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा मुख्य पथ कीचड़युक्त और जर्जर हो जाने से दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश और लंबे समय से सड़क निर्माण न होने के कारण यह मार्ग कीचड़ से लथपथ हो चुका है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मुख्य पथ सिकंदरपुर, चुहादाहा, बागडेहरी समेत कई गांवों को जोड़ता है और आसपास के बाजारों व शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने का एकमात्र साधन है। सड़क की खस्ता हालत के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहनों का निकलना लगभग नामुमकिन हो गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया, “बरसात में सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है। बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और मरीजों को समय पर अस्पताल ले जाना भी मुश्किल हो जाता है।” बाजार तक पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में दोगुना समय लग रहा है।
ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही सड़क की निर्माण नहीं की गई, तो स्थिति और भी गंभीर हो जाएगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब इस पथ की निर्माण कराने की मांग की है, ताकि दैनिक आवागमन सुगम हो सके और दर्जनों गांवों के लोगों की परेशानी दूर हो। यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता, तो ग्रामीण आंदोलन की चेतावनी भी दे रहे हैं।

