पूर्वी सिंहभूम में बड़ी कार्रवाई : एक माह में 49,764 राशन कार्डधारियों के नाम डिलीट, तीन माह में 2,476 ने किया सरेंडर उपायुक्त की सख्त चेतावनी “अपात्र पाए जाने पर होगी विधि सम्मत कार्रवाई”
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अपात्र राशन कार्डधारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए अगस्त माह में 49,764 राशन कार्डधारियों के नाम डिलीट कर दिए। वहीं पिछले तीन माह में 2,476 लोगों ने स्वेच्छा से राशन कार्ड सरेंडर किया है। यह कार्रवाई उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर की जा रही है।

अगस्त माह में की गई इस कार्रवाई में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के संदिग्ध आधार प्रविष्टियों से 15,615 नाम हटाए गए। RCMS जांच में 18 वर्ष से कम और 100 वर्ष से अधिक आयु वाले 1,022 एकल सदस्य कार्डधारियों के नाम भी डिलीट कर दिए गए।

इसी तरह छह माह या उससे अधिक समय से राशन नहीं उठाने वाले 31,855 मौन राशन कार्डधारियों के नाम सूची से हटा दिए गए। इसके अलावा 1,023 डुप्लिकेट लाभुकों को भी सूची से बाहर कर दिया गया है।

उधर, राशन कार्ड सरेंडर करने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। पिछले तीन माह में 2,476 लोगों ने सरेंडर का आवेदन दिया, जिनमें से 2,148 नाम अब तक हटा दिए गए हैं। अगस्त माह में अकेले 249 लाभुकों के नाम राशन कार्ड से हटाए गए।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि अपात्र राशन कार्डधारियों की जांच एवं सत्यापन का उद्देश्य वास्तविक लाभुकों तक खाद्यान्न पहुँचाना है। उन्होंने अपात्र कार्डधारियों से अपील की कि वे शीघ्र अपना राशन कार्ड स्वेच्छा से सरेंडर करें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि “जांच में अपात्र पाए जाने पर विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”


