ट्रेलर चालक से सोने का लॉकेट झपटकर भागे शातिर, पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार”
राष्ट्र संवाद संवाददाता जमशेदपुर।सोनारी थाना क्षेत्र के डोबो पुल के पास बुधवार दोपहर एक ट्रेलर चालक से छिनतई की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने महज कुछ घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरदीप सिंह और विक्की सिंह उर्फ लंगड़ा के रूप में हुई है। दोनों गोलमुरी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
डीएसपी मुख्यालय-2 मनोज कुमार ठाकुर ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि ट्रेलर चालक शौच के लिए सड़क किनारे रुका था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और चालक के गले से सोने का लॉकेट झपटकर फरार हो गए। चालक ने साहस का परिचय देते हुए बाइक का नंबर नोट कर लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए इलाके में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया सोने का लॉकेट साकची स्थित एक स्वर्ण व्यवसायी की दुकान से बरामद किया। पुलिस स्वर्ण दुकानदार से भी पूछताछ कर रही है।
डीएसपी ठाकुर ने कहा कि ट्रेलर चालक की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो पाई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक वारदातों में संलिप्त रहे हैं। फिलहाल, दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

