सड़क परियोजनाओं का निर्माण जल्द शुरू कराए सरकार : विधायक पूर्णिमा साहू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर की दो अहम सड़क परियोजनाओं में हो रही देरी को लेकर विधायक पूर्णिमा साहू ने विधानसभा में सरकार की खिंचाई की। उन्होंने कहा कि 2019 में शिलान्यास के बावजूद छह साल बीतने पर भी इन योजनाओं पर काम शुरू नहीं हुआ है। इससे जाम और प्रदूषण से जूझ रहे शहरवासियों को राहत नहीं मिल पा रही।

विधायक ने सरकार से पूछा कि गोविन्दपुर एलिवेटेड कॉरिडोर और भुईयाडीह-लिट्टी चौक से स्वर्णरेखा नदी पर फोर-लेन पुल का कार्य अब तक लंबित क्यों है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर औद्योगिक क्षेत्र से सरकार को भारी राजस्व मिलता है, बावजूद इसके यहां के विकास कार्यों को नज़रअंदाज किया जा रहा है।

सरकार ने जवाब में बताया कि अन्ना चौक-गोविन्दपुर एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना संवेदक कंपनी से विवाद के कारण उच्च न्यायालय में विचाराधीन है, जबकि स्वर्णरेखा नदी पर पुल का निर्माण कार्य पुनरीक्षित ड्रॉइंग तैयार होने के बाद शीघ्र शुरू किया जाएगा।

विधायक साहू ने सरकार से अपील की कि न्यायालय में लंबित मामले का त्वरित निबटारा कर सड़क परियोजनाओं का कार्य जल्द शुरू किया जाए, ताकि शहरवासियों को जाम और प्रदूषण से राहत मिल सके।


