सोनारी में हाई टेंशन पोल पर चढ़ी युवती, दो घंटे बाद सुरक्षित उतारी गई आदित्यपुर के युवक पर धोखा देने का लगाया आरोप, एमजीएम अस्पताल में कराया गया भर्ती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के कपाली बस्ती से सटे मरीन ड्राइव इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती टाटा स्टील के हाई टेंशन बिजली खंभे पर करीब 60 फीट ऊंचाई तक चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही टाटा स्टील और जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

स्थानीय युवक रोशन, जो पोल पर चढ़कर युवती को रेस्क्यू करने में जुटा था, ने बताया कि युवती अपना नाम-पता नहीं बता रही थी, बस इतना कह रही थी कि आदित्यपुर के एक युवक ने उसे प्यार का झांसा देकर पैसे लिए और शादी किसी और से कर ली।

फिलहाल युवती का मानसिक संतुलन ठीक नहीं लग रहा है, उसे उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है। सोनारी थाना प्रभारी कुमार सरजू आनंद ने बताया कि युवती को सकुशल बचा लिया गया है, विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और आगे विधिवत कार्रवाई की जाएगी।

गनीमत रही कि समय रहते टाटा स्टील ने बिजली आपूर्ति बंद कर दी, अन्यथा कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। इस घटना को देखने के लिए मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए थे।


