जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चार साइबर अपराधी गिरफ्तार, 1.11 लाख नगद समेत भारी मात्रा में सामान बरामद
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर-बाथानटॉड स्थित पलाश झाड़ी के पास साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष छापेमारी की गई।साईबर थाना के थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में चार साइबर अपराधियों — रोहित कुमार मंडल (25), खोगेन दा (21), कैलाश मंडल (38) और चन्द्रमोहन मंडल (34) — को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹1,11,000 नगद, 15 सिम कार्ड, 7 मोबाइल फोन, 1 चेकबुक, 1 पैन कार्ड, और एक मोटरसाइकिल बरामद की। आरोपी फिशिंग के जरिए लोगों से ठगी कर रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवाते थे। खोगेन दा और रोहित मंडल पैसे की निकासी और कमीशन बांटने का काम करते थे।
गिरफ्तार कैलाश मंडल और खोगेन दा के खिलाफ पहले भी साइबर अपराध के मामले दर्ज हैं। इनकी गतिविधियां मुख्यतः बिहार, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में संचालित होती थीं। पुलिस ने जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 56/25 के तहत मामला दर्ज कर चारों को जेल भेज दिया है।

