पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा कमिटी की वार्षिक बैठक, धर्मेंद्र सोनकर बने कार्यकारी अध्यक्ष
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : आगामी दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा कमिटी की वार्षिक कार्यकारिणी की बैठक रविवार को सर्किट हाउस, जमशेदपुर में आयोजित हुई। बैठक में आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किए जाने के साथ-साथ पूजा आयोजन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सर्वसम्मति से पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनकर को समिति का कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं मंत्री दुलाल भुइयां ने संबंधित पत्र सौंपा।

गौरतलब है कि वर्ष 1990 में स्थापित यह समिति पिछले 35 वर्षों से धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती रही है।

बैठक में पूजा के दौरान भारी भीड़ का सुचारू प्रबंधन, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण, बुनियादी सुविधाओं का संचालन एवं विसर्जन संबंधी संभावित चुनौतियों पर विशेष चर्चा की गई। समिति निकट भविष्य में ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लेगी और उपायुक्त के साथ बैठक कर प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करेगी।

नवनिर्वाचित कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनकर ने कहा कि समिति की गौरवशाली परंपरा का पालन करते हुए उनका संकल्प रहेगा कि दुर्गा पूजा का भव्य एवं शांतिपूर्ण आयोजन हो। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया और कहा कि उन्हें मां दुर्गा की सेवा में योगदान करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है।


