बीजेपी लोकतंत्र को मजदूर की तरह गुलाम बनाना चाहती है : बन्ना गुप्ता
एक चैनल से इंटरव्यू में बोले झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री
– कहा, कहीं ईवीएम तो, कहीं मतदाता सूची में हेरफेर कर लूट करने का काम कर रही है बीजेपी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने एक चैनल से इंटरव्यू के दौरान कहा, बीजेपी इस लोकतंत्र को एक मजदूर की तरह गुलाम बनाना चाहती है। उन्होंने कहा, बीजेपी कहीं ईवीएम के माध्यम से, तो कहीं मतदाता सूची में हेरफेर कर लूट करने का काम कर रही है, जिससे ऐसी हरकतों के माध्यम से लोकतंत्र को एक मजदूर की तरह गुलाम बनाया जा सके, बंधुआ बनाया जा सके।

गुप्ता ने कहा, इनकी यही मंशा बार-बार हिलोरे मार रही थी, तभी लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा दे रहे थे, क्योंकि 400 पार आने के बाद बाबा साहेब आंबेडकर के उस संविधान से छेड़छाड़ करके और संविधान पर अपना अधिकार, एकाधिकार कायम किया जा सके। उन्होंने कहा, संविधान हम सबों की रक्षा करने का मुख्य आधार है, उसी पर इस तरह का हमला किया जाना अत्यंत दुखद है।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, इसके खिलाफ सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा, यह उदारता और महानता का देश है, यह देश तानाशाह का देश नहीं है। इस देश की एक मिश्रित सभ्यता है, मिली-जूली संस्कृति है, यहां गंगा जमुनी तहजीब में लोग रहते हैं, यह शांति, सद्भाव और प्रेरणा का देश है, यहां बुद्ध, महात्मा और पुरुषोत्तम श्रीराम का जन्म हुआ है, अगर, ऐसे देश तानाशाही और संविधान पर एकाधिकार कर आधिपत्य करने का प्रयास किया जाएगा, तो वह किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

