हाई कोर्ट के निर्देश पर हरकत में प्रशासन, मानगो में जाम से निजात दिलाने की कवायद शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो क्षेत्र में लगातार जाम की समस्या और एंबुलेंस के फंसने की घटनाओं पर झारखंड हाई कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन से जवाब तलब किया है। इसके बाद उपायुक्त और एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की है।

उपायुक्त के निर्देश पर नगर अपर आयुक्त कृष्ण कुमार, पथ निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर दीपक सहाय, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी और अन्य अधिकारी-इंजीनियर सड़क पर उतरकर पूरे हालात की जांच कर रहे हैं।

जाम की समस्या से स्थायी समाधान के लिए रोड मैप तैयार किया जा रहा है। विशेषकर मानगो से डिमना रोड, मानगो से पायल टॉकीज रोड और मानगो से ओल्ड पुलिया रोड पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की योजना बनाई जा रही है। वहीं, एमजीएम अस्पताल जाने के दौरान एंबुलेंस जाम में न फंसे, इसके लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने की भी पहल की जा रही है।


