किताडीह गोलीकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी और मोबाइल बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :पूर्वी सिंहभूम के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत किताडीह ग्वालापट्टी में 5 अगस्त 2025 की शाम हुए गोलीकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। घायल रवि यादव पर हमले के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने सोमवार को बताया कि 5 अगस्त की शाम करीब 5:38 से 6:00 बजे के बीच रवि यादव (पिता – कन्हैया यादव, निवासी – किताडीह ग्वालापट्टी) को कुछ व्यक्तियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस संबंध में परसुडीह थाना कांड संख्या 102/25, दिनांक 6 अगस्त 2025, विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ।

जांच में खुलासा हुआ कि घायल रवि यादव और निहाल तिवारी के बीच कुछ माह पूर्व मारपीट हुई थी। समझौते के बावजूद निहाल तिवारी ने अपने सहयोगियों संग हत्या की योजना बनाई। घटना के दिन निहाल तिवारी और समीर कुमार सिंह उर्फ पांडु स्कूटी (नं. JH05CE-5462) पर सवार होकर किताडीह ग्वालापट्टी नाला के पास पहुंचे। वहां रवि यादव ने समीर को देख अपनी गाड़ी रोकी और झगड़ा शुरू हो गया। तभी निहाल तिवारी ने अपने बैग से पिस्टल और कट्टा निकालकर रवि यादव पर पांच-छह राउंड फायर किए और दोनों फरार हो गए।

पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त समीर कुमार सिंह उर्फ पांडु और अप्राथमिकी अभियुक्त विवेक साह एवं संजय वर्मा उर्फ संजु वर्मा को गिरफ्तार किया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।


