साइबर अपराधियों पर लगाम कसने की भाजपा ने की मांग, शोमी इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक की संपत्ति की हो जांच : रोहित सिंह परमार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ते साइबर अपराधों से लोगों में भारी चिंता है। ठगी की कई घटनाओं से परेशान आम जनता के बीच अब भाजपा भी सक्रिय हो गई है। भाजपा जिला मंत्री रोहित सिंह परमार ने जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि “क्षेत्र के कई युवा साइबर अपराध की चपेट में आ रहे हैं और कई खुद साइबर अपराधी बन चुके हैं। साइबर थाना से नोटिस जारी होना इसका प्रमाण है। कई युवक अचानक करोड़पति बन गए हैं, उनकी संपत्ति की जांच होनी चाहिए।”

रोहित सिंह परमार ने विशेष रूप से राखा माइन्स के निवासी रमेश दास और उनके पुत्र राजा दास पर सवाल उठाते हुए कहा कि “एक मामूली चाय बेचने वाले से वे करोड़पति बन गए। उन्होंने शोमी इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से राखा माइन्स और सुंदरनगर में बड़ी-बड़ी दुकानें खोली हैं। इतनी तेजी से आई संपत्ति की जांच ईडी और जिला प्रशासन को करनी चाहिए।”

उन्होंने आरोप लगाया कि “इन लोगों ने नेटवर्क बनाकर कई नामों पर जमीन, मकान और होटल खरीदे हैं। आसपास के पांच गांवों के युवाओं में भी साइबर अपराध का फैलाव हुआ है, उनकी संपत्ति भी अचानक बढ़ी है और वे महंगी गाड़ियों व मोबाइल में घूम रहे हैं।”

भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने साइबर अपराधियों पर अंकुश नहीं लगाया तो पार्टी धरना-प्रदर्शन करेगी और जरूरत पड़ी तो प्रधानमंत्री कार्यालय तक शिकायत पहुंचाएगी।


