जादूगोड़ा बना साइबर अपराधियों का गढ़, पुलिस अलर्ट ,लोग रहें सावधान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। इलाके के लोग आए दिन साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं, जिससे आमजन में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जादूगोड़ा क्षेत्र अब साइबर अपराधियों के लिए सेफ जोन बनता जा रहा है।

ताज़ा घटना में जादूगोड़ा यूसील कॉलोनी निवासी एक यूसील कर्मी की धर्मपत्नी को एक अज्ञात नंबर (8149177124) से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने कहा कि उसका बेटा सीबीआई द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला ने समझदारी दिखाते हुए कॉल करने वाले की बातों पर भरोसा नहीं किया और बेटे के दोस्तों से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट कर ली, जिससे वह साइबर ठगी का शिकार होने से बच गई। महिला ने बताया कि बाद में जब उसी नंबर को ट्रूकॉलर पर चेक किया गया तो उसमें ‘शहजाद अली राशि करके’ नाम दिखा और व्हाट्सएप डीपी में सीबीआई अधिकारी की फोटो लगी हुई थी।

क्षेत्र के राखा माइंस, कोकदा, आसानबनी, कुलड़िहा आदि इलाकों में साइबर ठग सक्रिय हैं। जानकारी के अनुसार ये अपराधी झूठी पहचान का सहारा लेकर लोगों को फोन कर ठगने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस के बार-बार जागरूक करने के बावजूद लोग फंसते जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक इन साइबर अपराधियों ने हाल के दिनों में करोड़ों रुपये की ठगी कर संपत्ति इकट्ठी कर ली है। कई अपराधियों ने महंगी गाड़ियां, बड़े-बड़े प्लॉट, दुकानें और होटल तक खरीद लिए हैं।

जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा –
“अगर किसी सरकारी विभाग, पुलिस, सीबीआई, कस्टम, बैंक, बिजली विभाग, बीमा या केवाईसी के नाम पर कोई संदिग्ध कॉल या मैसेज आता है, तो तुरंत सावधान हो जाएं और किसी भी स्थिति में अपनी निजी जानकारी या बैंक डिटेल साझा न करें।” राज्य स्तर पर भी साइबर अपराधियों के नेटवर्क की जांच जारी है और पुलिस लगातार ठगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।


