टाटा पावर जोजोबेरा 4,000 से अधिक ग्रामीण छात्रों को दे रहा है स्टेम और हरित ऊर्जा की शिक्षा विज्ञान, तकनीक और नवाचार के जरिये ग्रामीण युवाओं के भविष्य को दे रहा नई दिशा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:टाटा पावर का जोजोबेरा ताप बिजली संयंत्र अपने क्लब एनर्जी स्टेम कार्यक्रम के माध्यम से जोजोबेरा व आसपास के क्षेत्रों के 4,000 से अधिक ग्रामीण छात्रों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) की व्यावहारिक व अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान कर रहा है। 20 स्कूलों में संचालित इस कार्यक्रम के तहत स्टेम प्रयोगशालाएं, समर्पित शिक्षक, ऊर्जा संरक्षण, रोबोटिक्स और वहनीयता जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जल्द ही छात्रों को संयंत्र का दौरा भी कराया जाएगा जिससे वे कक्षा में सीखी बातों को वास्तविकता में देख सकें।

कार्यक्रम के प्रभावस्वरूप छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की स्टेम प्रतियोगिताओं में सफलता पाई है। छोटे शहरों और वंचित वर्गों से आने वाले ये छात्र अब वैज्ञानिक, इंजीनियर और शोधकर्ता बनने के सपने को साकार करने की दिशा में अग्रसर हैं। कार्यक्रम में रोबोटिक्स, हरित ऊर्जा, विज्ञान संग्रहालयों व प्रौद्योगिकी पार्कों के भ्रमण सहित “एनर्जी मित्र” जैसी पहल भी शामिल की जा रही है। यह पहल न केवल छात्रों को सशक्त बना रही है, बल्कि उनके समुदायों के विकास में भी योगदान दे रही है।


