अटल क्लिनिक का नाम बदलना आदिवासी अस्मिता और झारखंड की आत्मा का अपमान: रमेश हांसदा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड सरकार द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर संचालित अटल मोहल्ला क्लिनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लिनिक किए जाने पर सियासत तेज हो गई है। इस निर्णय की भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी आलोचना की है। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य रमेश हांसदा ने इसे झारखंड की आत्मा और आदिवासी अस्मिता पर सीधा प्रहार बताया है।

रमेश हांसदा ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंड राज्य के निर्माता, आदिवासी समाज के सच्चे हितैषी और भारतीय आत्मा के प्रतीक थे। उन्होंने ही झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाया, संताली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कर भाषाई गरिमा प्रदान की, और आदिवासी कल्याण मंत्रालय की स्थापना कर आदिवासी समाज को मजबूत दिशा दी।

उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रनायक के नाम को हटाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और राजनीतिक तुष्टिकरण का परिचायक है। यह निर्णय झारखंड की आत्मा, उसकी सांस्कृतिक विरासत, भाषा और बलिदान की भी अवमानना है।


