झारखंड भूमिहार महिला समाज द्वारा सावन महोत्सव का भव्य आयोजन पारंपरिक गीत, नृत्य और प्रतियोगिताओं में दिखा महिलाओं का उत्साह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:झारखंड भूमिहार महिला समाज द्वारा सावन के पावन अवसर पर भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई। पंडाल को हरियाली और झूलों के प्रतीक स्वरूप पारंपरिक रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चियों द्वारा सावन गीतों पर लोकनृत्य प्रस्तुत किए गए, जिससे वातावरण पूरी तरह पारंपरिक और उल्लासपूर्ण हो गया। समाज की महिलाओं ने परंपरागत श्रृंगार और हरियाली परिधान में भाग लेकर उत्सव की शोभा बढ़ाई।

प्रतियोगिताओं ने मोहा मन महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चियों ने भाग लिया।मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पारंपरिक और आधुनिक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। सजना-संवरना प्रतियोगिता में महिलाओं ने हरे परिधानों और गहनों के साथ मंच पर पारंपरिक लुक में प्रस्तुति दी। सावन क्विज के माध्यम से झारखंड की संस्कृति, त्योहार और सावन से जुड़े सवालों पर रोचक प्रश्नोत्तरी हुई। सांस्कृतिक गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता में “कजरी”, “झूला”, और “बरसात” जैसे पारंपरिक लोकगीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दी गईं।

सम्मान समारोह में सम्मानित हुईं महिलाएं
महोत्सव के समापन पर समाज की वरिष्ठ सदस्यों एवं समाजसेवा में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, परंपरा और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना तथा महिलाओं को सामाजिक-सांस्कृतिक मंच प्रदान करना है। पूरे कार्यक्रम के दौरान हरियाली, उमंग और लोक परंपराओं की अनुपम छटा देखने को मिली। महिलाओं ने सावन के गीत गाते हुए झूला झूलकर उत्सव का आनंद लिया।

