12 घंटे में टकलू लोहरा हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में हुए टकलू लोहरा हत्याकांड का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में समीर जैना, विजय तिवारी उर्फ गोलू और अभिषेक कुमार सिंह शामिल हैं।

पुलिस ने इनके पास से दो देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, चोरी की मोटरसाइकिल और एक मोबाइल जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी समीर जैना पहले भी जेल जा चुका है। घटना की जड़ रिक्रु लोहरा को दी गई जान से मारने की धमकी और उसके बाद हुए गाली-गलौज में है, जिसमें समीर ने रिक्रु पर गोली चला दी।

एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी हेड क्वार्टर वन के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि फायरिंग के वक्त अभिषेक सिंह भी देशी कट्टा लेकर मौके पर मौजूद था। वारदात के बाद तीनों आरोपी चोरी की बाइक से टेल्को के गायत्रीनगर भागे थे और विजय तिवारी ने हथियार और गोली छिपाई थी। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।


