- “भगवान सिंह का घमंड चूर करेगी संगत” — अधिवक्ता कुलबिंदर सिंह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। क़ौमी सिख मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता कुलबिंदर सिंह ने सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) के प्रधान भगवान सिंह पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि संगत उनका घमंड चूर कर देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान सिंह ने फर्जी मतदान और ताकत के डर से प्रधान पद कब्जाया है, जबकि चुनाव के वक्त उनके प्रतिद्वंदी हरमिंदर सिंह मिंदी पहले ही बायकॉट कर चुके थे। उन्होंने कहा कि पिछले 8 वर्षों से भगवान सिंह मानगो में तालिबानी शैली से गुरुद्वारा संचालन कर रहे हैं, सिखों को गुटों में बाँट दिया गया है और असहमति जताने वालों को धमकाया जाता है।

कुलबिंदर सिंह ने कहा कि “संगत सर्वोपरि” व्हाट्सएप ग्रुप ने समाज में जन-जागरण की अलख जगाई है और अब 200 से अधिक लोग खुलकर भगवान सिंह के खिलाफ बोल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान सिंह पुलिस और प्रशासन पर दबाव डालकर असहमति रखने वालों को फर्जी मुकदमों में फंसाना चाहते हैं।

उन्होंने बुधवार को सिख इतिहास का “काला दिन” करार देते हुए कहा कि पुलिस को यह देखना चाहिए कि भगवान सिंह के करीबियों पर कितने फौजदारी मुकदमे लंबित हैं। साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि संगत उन्हें आगामी चुनाव में जवाब देगी और सच्चाई की जीत निश्चित है।

