यूसील जादूगोड़ा कॉलोनी में बढ़ाई गई सुरक्षा, लगे 23 सीसीटीवी, लेकिन व्यवस्था पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
यूसील जादूगोड़ा कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रबंधन ने पहल करते हुए कॉलोनी के प्रमुख स्थानों पर 23 सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। पीके इंजीनियरिंग ठेका कंपनी द्वारा कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि कॉलोनी में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके। यह कदम मोटरसाइकिल चोरी, चैन छिनतई जैसी बढ़ती घटनाओं को देखते हुए उठाया गया है।

हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था अभी भी अधूरी है। शेफर्ड स्कूल, सीताडांगा बाउंड्री और शिव मंदिर के पास चारदीवारी अधूरी है और गेट नहीं लगाए गए हैं, जिससे बाहरी लोग आसानी से कॉलोनी में प्रवेश कर सकते हैं। शिव मंदिर के पास चारदीवारी टूट गई है और कई जगहों से जालियां भी चोरी हो चुकी हैं। स्थानीयों का आरोप है कि प्रबंधन इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा, जिससे सीसीटीवी लगाने की कवायद ‘सफेद हाथी’ साबित हो सकती है।



