जिला विकास समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न, सांसद बिद्युत महतो ने उठाए कई अहम मुद्दे
जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क मरम्मत पर हुई चर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:सांसद बिद्युत बरण महतो की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले की विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा हुई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

सांसद ने बागबेड़ा, मानसमुड़िया और चंदनपुर जलापूर्ति, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, हाथी विचरण क्षेत्र में विद्युत तार की ऊंचाई, ममता वाहन और 108 एंबुलेंस की उपलब्धता, सड़कों की मरम्मती, बैंकों में केवाईसी प्रक्रिया सहित कई मुद्दे उठाए। सांसद ने दो शव वाहन सांसद निधि से देने की घोषणा भी की। ट्रैफिक चेकिंग, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, प्रधानमंत्री आवास, मुद्रा लोन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर चापाकल, और बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन जैसे मामलों पर भी चर्चा हुई।

पोटका विधायक संजीव सरदार, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू सहित कई जनप्रतिनिधि बैठक में मौजूद रहे। बैठक में तय हुआ कि शिकायतों की जांच स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाएगी और बारिश में घर गिरने पर तत्काल मुआवजा दिया जाएगा।

