गोविंदपुर में 12 घंटे से जलजमाव, लोगों का फूटा गुस्सा जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह ने किया जल सत्याग्रह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:गोविंदपुर के कमिंस गेट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच पिछले 12 घंटे से गंभीर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कमिंस कंपनी द्वारा निर्माण कार्य के दौरान नाले को बंद कर दिया गया, जिसके कारण वर्षा का पानी निकल नहीं पाया और सड़कों से लेकर आस-पास के घरों तक पानी भर गया है।

स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत पहले भी कई बार की गई थी, लेकिन न तो कंपनी ने वैकल्पिक निकासी की व्यवस्था की और न ही प्रशासन ने कोई संज्ञान लिया। परिणामस्वरूप, आज पूरा इलाका तालाब में तब्दील हो गया है।

बारिश के पानी में डूबी सड़कों पर राहगीर, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक भारी परेशानी झेल रहे हैं। जगह-जगह बने गड्ढे पानी में छुप जाने के कारण कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। वहीं, महिलाओं को भी आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। अब तक नगर निगम या जिला प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष देखा जा रहा है।

जलजमाव के बीच सड़क पर बैठकर ‘जल सत्याग्रह’ इस विकट स्थिति को देखते हुए जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह खुद मौके पर पहुंचे और जनता के समर्थन में सड़क पर पानी के बीच बैठकर ‘जल सत्याग्रह’ शुरू कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होती, उनका सत्याग्रह जारी रहेगा।

परितोष सिंह ने कहा कि यह स्थिति सिर्फ लापरवाही का परिणाम है। “जनता का सब्र अब टूट चुका है, हम शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे हैं, लेकिन यदि प्रशासन नहीं जागा, तो आंदोलन तेज किया जाएगा,” उन्होंने कहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप और जिम्मेदार कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

