हथियार लहराकर सोशल मीडिया पर मचाया था आतंक, रंगदारी मांगने वाले तीन युवक गिरफ्तार
उलीडीह पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों के पास से हथियार और मोबाइल बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :उलीडीह ओपी पुलिस ने रंगदारी मांगने और सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए फोटो अपलोड कर दहशत फैलाने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों में रितेश सिंह, अशोक गुप्ता और राजकुमार मुखिया उर्फ राज बच्चा शामिल हैं। तीनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मंगलवार को पटमदा डीएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामला सामने आने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हथियार और मोबाइल फोन के साथ दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियार के साथ तस्वीरें वायरल की थीं और रंगदारी मांगने की भी शिकायत मिली थी। इस तरह की हरकत से आम लोगों में भय का माहौल बन रहा था। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में की गई है और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उलीडीह ओपी प्रभारी ने कहा कि शहर में अपराध फैलाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की छानबीन जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है।

