जिला टॉपर्स का हुआ भव्य सम्मान, शिक्षा मंत्री बोले– शिक्षित समाज ही प्रगति का आधार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :माइकल जॉन सभागार में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में वर्ष 2024-25 की 10वीं एवं 12वीं कक्षा के जिला टॉपर्स को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री श्री रामदास सोरेन थे। उनके साथ उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनोज कुमार एवं जिला शिक्षा अधीक्षक श्री आशीष पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर झारखंड अधिविद्य परिषद, सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड के विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय के टॉप 5 विद्यार्थियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।
मंत्री श्री रामदास सोरेन ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “शिक्षा के बिना समाज, राज्य और देश की उन्नति संभव नहीं। जब तक लोग अपने अधिकार नहीं समझेंगे, उनका शोषण होता रहेगा।” उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई मरांग गोमके छात्रवृत्ति योजना के तहत अब विद्यार्थियों को विदेश में मुफ्त उच्च शिक्षा का अवसर मिल रहा है। साथ ही प्रखंड स्तर पर कॉलेज और आवासीय विद्यालयों की स्थापना की जा रही है ताकि दूरदराज़ के बच्चे भी शिक्षा से वंचित न रहें।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने टॉपर्स को बधाई देते हुए कहा, “यह सफलता आपकी कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है। इसे यात्रा का अंत नहीं, बल्कि एक शुरुआत मानें। इसे विनम्रता से स्वीकारें और अपने मूल्यों को सहेज कर आगे बढ़ें।” उन्होंने छात्रों को हर संभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों से गूंजता रहा और विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों के चेहरे पर गर्व की झलक साफ दिखाई दी।
फोटो कैप्शन:
सम्मान समारोह में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए शिक्षा मंत्री श्री रामदास सोरेन व उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी।

