राष्ट्र संवाद संवादाता – ए बी सिद्दीकी
गोड्डा: जिला अंतर्गत बांका स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में मिड-डे मील में छिपकली पाए जाने की शर्मनाक और भयावह घटना सामने आई है। घटना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेता सुमित कुमार ने अपनी बात को रखते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंधन की घोर लापरवाही के चलते सैकड़ों छात्राएं फूड पॉइज़निंग की शिकार हो गईं हैं। आगे कहा कि बच्चियों को आनन-फानन में गोड्डा सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल में बेड की भारी कमी के कारण अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। यह घटना साफ तौर पर शिक्षा विभाग की निगरानी और स्वास्थ्य विभाग की तैयारी पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। हम निम्नलिखित मांग करते हैं: दोषियों की तुरंत पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए। भोजन की गुणवत्ता का नियमित निगरानी हेतु ठोस व्यवस्था की जाए। स्वास्थ्य विभाग विद्यालयों से जुड़ी आपात स्थिति से निपटने हेतु पर्याप्त संसाधन सुनिश्चित करे। यह घटना केवल लापरवाही नहीं, एक आपराधिक लापरवाही है। जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। बच्चों की जान से खिलवाड़ अब और नहीं चलेगा।

