राष्ट्र संवाद, संवाददाता, जमशेदपुर
साहित्यिक संस्था साहित्य कुंज की ओर से काव्य गोष्ठी सह सम्मान समारोह का आयोजन बीएस पैलेस, रामनगर सोनारी में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंद्र देव प्रसाद (उपाध्यक्ष, तुलसी भवन) ने की। मुख्य अतिथि के रूप में शशि प्रकाश सिन्हा तथा विशिष्ट अतिथियों में वीणा पांडेय भारती, वीणा नंदनी, वसंत जमशेदपुरी, ब्रजेंद्र मिश्र एवं संस्था की संरक्षक प्रतिभा प्रसाद ‘कुमकुम’ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर साझा विश्व कृतिमानधारी संग्रह “चंद्रविजय अभियान” के रचनाकार ब्रजेंद्र नाथ मिश्र एवं वीणा कुमारी नंदनी को सम्मान पत्र व पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। साहित्य कुंज के रचनाकारों पूनम शर्मा ‘स्नेहिल’, किरण कुमारी, शिप्रा सैनी ‘मौर्य’, पूनम सिन्हा ‘भावशिखा’, रीना गुप्ता, अनिता निधि और पूनम सिंह को पुस्तक सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसे रीना गुप्ता ने प्रस्तुत किया। स्वागत भाषण मनीषा सहाय ने दिया तथा मंच संचालन पूनम स्नेहिल ने किया। सभी कवियों ने अपनी विशेष शैली में काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अध्यक्षीय संबोधन में इंद्र देव प्रसाद ने आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर उस दौर की घटनाओं को साझा किया और कहा कि साहित्यकारों को अपनी रचनाओं के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा और चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रयासरत रहना चाहिए।
गोष्ठी का मुख्य फोकस चंद्रयान और ऑपरेशन सिंदूर जैसे राष्ट्रीय अभियान रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे संस्था की संरक्षक प्रतिभा प्रसाद ‘कुमकुम’ ने प्रस्तुत किया।

