जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का विरोध, JNAC पर पदाधिकारी की उदासीनता से नाराजगी
नेताओं की मनसा दिखी दबदबा कायम करने की
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: भारी बारिश से उत्पन्न बाढ़ और जलजमाव की गंभीर समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल जब उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार से मिलने पहुँचा, तो उन्हें “अधिकारियों की व्यस्तता” का हवाला देकर रोक दिया गया। इस पर नाराज कांग्रेस नेता कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।

बाद में उप नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। कांग्रेस ने बारीडीह, भुईयाडीह, काशीडीह, मानगो समेत कई क्षेत्रों में जलजमाव, कचरे के ढेर और नालियों की सफाई को लेकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

हालांकि जानकारों का मानना है कि कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन जहां जनहित से जुड़ी समस्याओं को उठाने के लिए था, वहीं इसमें अधिकारियों पर दबाव बनाने और संगठन का प्रभाव दिखाने की मंशा भी साफ नजर आई।
इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिन्होंने साफ किया कि जब तक जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, पार्टी सड़क से लेकर कार्यालय तक संघर्ष करती रहेगी।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे, रजनीश सिंह सुखदेव सिंह मल्ली, जसवंत सिंह जस्सी, अशोक सिंह, देबु चटर्जी, धर्मा राव, गुरदीप सिंह, नलिनी सिन्हा रणजीत सिंह आदि उपस्थित थे

