पबिया में खतरनाक फिसली बाइक, दो युवक गंभीर रूप से घायल
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया और बांसपहाड़ी के बीच सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार पल्सर बाइक एक पेड़ से जा टकराई। बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सड़क पर चारों ओर खून ही खून बिखरा हुआ नजर आया। बताया जा रहा है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वह क्षेत्र एक खतरनाक मोड़ (टर्निंग पॉइंट) पर स्थित है। बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी हो चुकी थी और बाइक का संतुलन बिगड़ते ही वह सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। नारायणपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया। सूत्रों के अनुसार, एक घायल की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जबकि दूसरे की स्थिति भी गंभीर है। फिलहाल दोनों युवकों की पहचान नहीं हो पाई है। वे कहां से आ रहे थे और कहां जा रहे थे, इसकी भी पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय प्रशासन की ओर से घायलों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

