संत माइकल एंग्लो विद्यालय, कुंडहित में हूल दिवस पर बच्चों ने वीर क्रांतिकारियों का रूप धर किया शहीदों को नमन
राष्ट्र संवाद सं
कुंडहित, 30 जून 2025
हूल दिवस के अवसर पर संत माइकल एंग्लो विद्यालय, कुंडहित में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने वीर क्रांतिकारियों और झारखंड की वीरांगनाओं का वेश धारण कर हूल क्रांति की गाथा को जीवंत किया। कई बच्चे सिदो-कान्हू के रूप में और कई बच्चियां फूलो-झानो के रूप में सजकर कार्यक्रम में पहुंचे।
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद आजाद ने किया। उन्होंने बच्चों और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “हमें झारखंड के खास तौर पर संथाल परगना के वीर शहीदों और क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान को याद करना चाहिए। हमें उन्हें पढ़ना चाहिए और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष कर संथाल परगना को मुक्ति दिलाई।”
कार्यक्रम में छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य और हूल की गाथा ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने अपने प्रस्तुतियों से क्रांति के महत्व को समझाने का प्रयास किया। कार्यक्रम में शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से झूमा, मामूनी, रिया, कविता, चेतना, प्रिया, सोफिया, मसूद, गया, मिथुन, मुकेश, राहुल और अमर शिक्षकगण उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सभी ने वीर शहीदों को नमन किया और उनके बलिदान को याद करने का संकल्प लिया।

