मुंबईः गोरेगांव में 5 मंजिला इमारत में लगी आग, 7 की मौत, 39 लोग झुलसे
मुंबई. महाराष्ट्र के मुंबई शहर के गोरेगांव स्थित आजाद नगर में इमारत में आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई और 39 लोग झुलस गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि अभी आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है. हादसे को लेकर बीएमसी ने बयान जारी करते हुए कहा कि गोरेगांव में 5 मंजिला इमारत में लेवल 2 की आग लगने के बाद 30 से अधिक लोगों को बचाया गया है. बचाए गए लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया.
गोरेगांव पश्चिम में आजाद मैदान के पास स्थित जय भवानी बिल्डिंग में शुक्रवार सुबह 3.05 बजे आग लगने की सूचना मिली. बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों ने कहा कि आग भूतल पर दुकानों, स्क्रैप सामग्री और आसपास खड़े कई वाहनों तक ही सीमित थी.
इसे तीन घंटे से अधिक समय बाद, सुबह लगभग 6.45 बजे बुझाया गया. कूपर अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों ने कहा कि घायलों में से 14 को उक्त अस्पताल ले जाया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर है.

