प्रतिबिंब ऐप की सूचना पर छापेमारी, बोकारो में 9 साइबर ठग दबोचे
राष्ट्र संवाद संवादाता
बोकारो पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। प्रतिबिंब ऐप से मिली सूचना के आधार पर सेक्टर-12 और माराफारी थाना क्षेत्र में देर रात छापेमारी कर 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज, डेबिट कार्ड और नकदी बरामद हुई है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह खुद को बैंककर्मी और टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी का एजेंट बताकर लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाता था।
बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में साइबर थाना, तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बारी को-ऑपरेटिव और माराफारी थाना क्षेत्र के रितुडीह राजेंद्र नगर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में साइबर थाना कांड संख्या 24/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को आर.एम. टूर एंड ट्रेवल्स का एजेंट या बैंक अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे और ऑनलाइन ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस को कुछ बैंक खातों में लाखों रुपये के लेन-देन की जानकारी मिली है, जिन्हें फिलहाल होल्ड कर विस्तृत जांच की जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 मोबाइल फोन, 9 सिम कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 3 चेकबुक, 10 डेबिट कार्ड, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड और 43 हजार 100 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश बिहार के पटना, नवादा और जमुई जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी बोकारो के सेक्टर-3 का निवासी है।
पुलिस अब इस अंतरराज्यीय साइबर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने झारखंड के अलावा अन्य राज्यों में भी साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। बोकारो पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

