जमशेदपुर में ‘स्वालंबी झारखंड’ के लघु ऋण वितरण समारोह में 75 महिलाओं को मिला 25 लाख का ऋण, राज्यपाल संतोष गंगवार रहे मुख्य अतिथि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: स्वदेशी जागरण मंच और भारतीय विपणन विकास केंद्र (CBMD) से संबद्ध संस्था स्वालंबी झारखंड माइक्रोवेलफेयर डेवलपमेंट सेंटर (SJMDC) द्वारा माइकल जॉन प्रेक्षागृह, बिष्टुपुर में तेरहवां वार्षिक लघु ऋण वितरण समारोह आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल महामहिम श्री संतोष गंगवार मुख्य अतिथि और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक श्री सरयू राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ।

इस दौरान संस्था द्वारा 75 महिलाओं के बीच 25 लाख रुपये का लघु ऋण वितरित किया गया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि आज भी लाखों ग्रामीण महिलाएं पारंपरिक बैंकिंग सुविधाओं से वंचित हैं। ऐसी स्थिति में स्वालंबी झारखंड जैसी संस्थाएं उन्हें न केवल आर्थिक सहायता देती हैं, बल्कि आत्मविश्वास और स्वावलंबन का भाव भी जगाती हैं। राजयपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुद्रा योजना और स्वयं सहायता समूहों की भूमिका को सराहते हुए कहा कि इन योजनाओं की सफलता का दारोमदार ज़मीनी स्तर पर काम करने वाली संस्थाओं पर है।

ऋण प्राप्त करने वाली महिलाएं भी इस अवसर पर काफी प्रसन्न दिखीं और कहा कि वे इस राशि से स्वरोजगार कर आत्मनिर्भर बनेंगी।S JMDC संस्था बीते 13 वर्षों में 4000 से अधिक महिलाओं को ऋण प्रदान कर उन्हें स्वावलंबी बना चुकी है। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त प्रयास है जो समाज में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत कर रहा है।


