राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, प्लांट-5 में सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत रामकृष्णा फाउंडेशन द्वारा 10वें महारक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जमशेदपुर ब्लड बैंक एवं बीबीडीए के सहयोग से आयोजित शिविर में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 630 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन कंपनी के सीओओ शक्ति सेनापति एवं प्लांट हेड कृष्णा कुमार झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कर्मचारियों और रक्तदाताओं के सेवा भाव की सराहना की।
संग्रहित रक्त का उपयोग दुर्घटनाग्रस्त मरीजों, आपातकालीन परिस्थितियों तथा थैलेसीमिया, कैंसर समेत गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के उपचार में किया जाएगा। कंपनी प्रबंधन ने बताया कि संस्थान नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करता है और जरूरतमंदों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयासरत है।
शिविर का संचालन सुरक्षा इंचार्ज नवीण सिन्हा ने किया। आयोजन में भूपेंद्र सिंह लोधी, सत्यरंजन खटूआ समेत कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम और सहयोगियों के प्रति आभार जताया गया।

