बहरागोड़ा में सुवर्णरेखा नदी किनारे मिला 500 पाउंड का अमेरिकी बम!
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा प्रखंड के पानीपड़ा-नागुड़साई क्षेत्र में सुवर्णरेखा नदी तट पर मिट्टी में दबा एक शक्तिशाली बम मिलने से सनसनी फैल गई। गैस सिलेंडर के आकार के इस बम पर “AN-M64 500-LB, American Made, Unexploded (UXO)” लिखा है, जिससे यह करीब 227 किलो का निष्क्रिय अमेरिकी बम बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों को बम से दूर रहने और छेड़छाड़ न करने की सख्त हिदायत दी गई है।
बम की जांच के लिए क्लाइकुंडा एयरबेस को पत्र भेजा गया है, वहीं रांची से बम स्क्वायड को बुलाया गया है ताकि इसे सुरक्षित निष्क्रिय किया जा सके। आशंका जताई जा रही है कि यह बम किसी पुराने विमान हादसे के दौरान गिरकर नदी में दब गया होगा।

