जमील हैदर एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड से 34 मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवादाता
टेल्को के मिल्लत हॉल में आयोजित समारोह में शिक्षा, अनुशासन और नवाचार का दिया गया संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: टेल्को स्थित मिल्लत हॉल में रविवार को “दि जमील हैदर एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड सेरेमनी” के तहत “सेलिब्रेशन ऑफ एक्सीलेंस” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जैक, सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड के माध्यमिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 34 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के आधार पर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ टेल्को मस्जिद के इमाम कारी इमरान रजा द्वारा कुरआन पाक की तिलावत से हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर निगम के आयुक्त एजाज अनवर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में करीम सिटी कॉलेज के पीजी अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. याहिया इब्राहिम, टाटा स्टील के एचआरएम प्रमुख राशिद जाफरी तथा करीमिया स्कूल के सचिव मोहम्मद असदुल्लाह मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्वी सिंहभूम जिला 15 सूत्री कार्यान्वयन समिति के सदस्य रियाजुद्दीन खान ने की, जबकि संचालन समाजसेवी मंजर काजमी ने किया। कार्यक्रम के संयोजक जहीर अहमद सिद्दीकी थे।
मुख्य अतिथि एजाज अनवर ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त करने के लिए जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी एकाग्रता के साथ उसकी ओर आगे बढ़ना चाहिए। डॉ. याहिया इब्राहिम ने कहा कि वर्तमान समय प्रतिस्पर्धा का युग है, इसलिए केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं, बल्कि प्रतियोगी माहौल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना आवश्यक है।
राशिद जाफरी ने विद्यार्थियों से नवाचार (इनोवेशन) को अपनाने और कुछ नया करने की सोच विकसित करने का आह्वान किया। वहीं मोहम्मद असदुल्लाह ने सफलता के लिए अनुशासन, नियमित अध्ययन और निरंतर मेहनत को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
यह कार्यक्रम स्वर्गीय हाजी जमील हैदर की स्मृति में आयोजित किया गया, जिसमें उनके दोनों पुत्र अजहर जमील एवं एजाज जमील भी उपस्थित रहे।
समारोह को सफल बनाने में शाहिद अफरोज, शाहजहां दारा, अख्तर अली, मोहम्मद समीउल्लाह अंसारी, खलील अंसारी, आबिद हुसैन, दानिश सिद्दीकी, आसिफ इकबाल, इरशाद अहमद, मोहम्मद अशरफ, मोहम्मद तारिक सहित आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में उत्तरी घोड़ाबांधा के मुखिया छोटा टुडू, डॉ. इश्तियाक कादरी, शाहिद परवेज, मोहम्मद अलीम अख्तर, मास्टर मोहम्मद जमील, अली अख्तर, खुर्शीद अनवर समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

