बहरागोड़ा में डेढ़ करोड़ का 1.095 किलो पन्ना बरामद, तीन अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवादाता
पूर्वी सिंहभूम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तस्करी नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने खनिज तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बहरागोड़ा बस स्टैंड के समीप छापेमारी कर लगभग 1.095 किलोग्राम (1095 ग्राम) पन्ना के साथ तीन अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद पन्ना की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस को इस कार्रवाई से एक बड़े तस्करी नेटवर्क के पर्दाफाश की उम्मीद है। मामले की जानकारी रविवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेसवार्ता में दी।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बहरागोड़ा बस स्टैंड के आसपास भारी मात्रा में पन्ना की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना के आधार पर घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने बस स्टैंड के आसपास घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
इसी दौरान दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर सवार तीन युवक मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर तीनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान एक यामाहा स्कूटी की डिक्की से प्लास्टिक में पैक 1.095 किलोग्राम पन्ना बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय पातर (50 वर्ष) एवं सिद्धेश्वर कालिन्दी (45 वर्ष), दोनों निवासी मुराकाटी, थाना गुड़ाबांदा तथा स्नेहाशिष मंगराज (44 वर्ष), निवासी खांड़देवली, थाना श्यामसुंदरपुर (ओडिशा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, झारखंड और ओडिशा नंबर की दो मोटरसाइकिल तथा 2300 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद पन्ना कहां से लाया गया था, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में इस अवैध कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

